जशपुर। जिले के किसानों को शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं, अनुदान और किसान हितैषी सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने एग्रीस्टैक किसान पंजीयन को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान के नाम पर एक से अधिक खाते या अलग-अलग खसरे दर्ज हैं तो सभी को उसकी एग्रीस्टैक प्रोफाइल से जोड़कर पंजीयन पूर्ण किया जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत पात्र किसानों का एग्रीस्टैक में पंजीयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि तकनीकी या पंजीयन संबंधी किसी कारण से कोई पात्र किसान शासन की कृषि योजनाओं, अनुदान, कृषि आदान सामग्री और अन्य किसान हितैषी सेवाओं के लाभ से वंचित न रहे।
राजस्व और कृषि विभाग मिलकर करेंगे पंजीयन कार्य
कलेक्टर श्री व्यास ने राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से पंजीयन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव स्तर पर किसानों को एग्रीस्टैक पंजीयन की प्रक्रिया और उसके महत्व की जानकारी देने तथा भूमि अभिलेख, आधार या अन्य आवश्यक जानकारी में किसी तरह की त्रुटि होने पर उसका समयबद्ध निराकरण कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि एग्रीस्टैक में किसान पंजीयन महज औपचारिकता नहीं है, बल्कि किसानों को शासन की कृषि योजनाओं और सेवाओं से डिजिटल रूप से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। इससे किसानों की कृषि संबंधी जानकारी डिजिटल रूप से उपलब्ध होगी और योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया अधिक सुगम एवं पारदर्शी बनेगी।
CSC और सहकारी समितियों के माध्यम से करा सकते हैं पंजीयन
किसान अपने नजदीकी लोक सेवा केंद्र (CSC), सहकारी समिति अथवा एग्रीस्टैक पोर्टल के माध्यम से पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन के लिए बी-1/खतौनी, ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड और आधार लिंक मोबाइल नंबर आवश्यक है।
पंजीयन में किसी प्रकार की समस्या या सहायता के लिए किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, पटवारी अथवा CSC केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पंजीयन कार्य की नियमित समीक्षा करते हुए इसे निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।