जशपुर: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव पर नक्सली कमांडर हिड़मा का कथित महिमामंडन करने का आरोप लगाते हुए कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ की शांति, लोकतंत्र, शहीद जवानों और नक्सली हिंसा के पीड़ित निर्दोष आदिवासियों का अपमान बताया है।
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने जारी बयान में कहा कि हिड़मा पर झीरम घाटी, ताड़मेटला और बीजापुर-सुकमा सहित कई बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड होने के आरोप रहे हैं। ऐसे व्यक्ति की तुलना महान विभूतियों से करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान कांग्रेस की नक्सलवाद के प्रति कथित नरम सोच को उजागर करता है। उनका कहना है कि जब राज्य सरकार बस्तर में विकास कार्यों और नक्सल विरोधी अभियान को आगे बढ़ा रही है, तब कांग्रेस नेताओं के ऐसे बयान सवाल खड़े करते हैं।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने कांग्रेस नेतृत्व से यह भी पूछा कि क्या पार्टी अपने विधायक के इस कथित बयान से सहमत है। यदि नहीं, तो अब तक उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने नक्सली हिंसा में अपने परिजनों को खोया है, उनके लिए ऐसा बयान पीड़ा बढ़ाने वाला है। भाजपा ने कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव से सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है।
भाजपा ने चेतावनी दी है कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो इस मुद्दे को लेकर सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा।