रायगढ़: शादी समारोह से लौट रही युवती से दुष्कर्म, आरोपी को पुलिस ने दबोचा, बाइक समेत साक्ष्य जब्त

रायगढ़: रायगढ़ पुलिस ने ‘अभियान संवेदना’ के तहत महिला अपराध के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती से दुष्कर्म के आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी की मोटरसाइकिल सहित वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जोबी चौकी पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी रमाकांत मांझी पहले से परिचित था और लगातार प्रेम व विवाह का दबाव बनाते हुए मोबाइल पर कॉल करता था। परेशान होकर पीड़िता ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था।

पीड़िता ने बताया कि गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान वह अपने रिश्तेदार को छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात नंबर से कॉल आने पर वह बात करने के लिए रुकी, तभी आरोपी वहां पहुंचा और उसे आंगनबाड़ी भवन के पीछे ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। शोर होने पर वह मौके से भाग गया और अपनी नेकर, पर्स, आधार कार्ड, चप्पल, बेल्ट तथा एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG-12 AL-1176) वहीं छोड़ गया।

घटना के बाद पीड़िता को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। शिकायत मिलने पर चौकी जोबी, थाना खरसिया में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की।

त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी रमाकांत मांझी को गांव से भागने के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे एवं घटनास्थल से उसकी मोटरसाइकिल और वारदात से जुड़े अन्य सामान जब्त किए गए। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन तथा उप निरीक्षक अमरनाथ शुक्ला, सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण राठौर, आरक्षक सत्यनारायण सिदार, महिला प्रधान आरक्षक ममता मिंज एवं आरक्षक राजेंद्र राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिला संबंधी अपराधों में प्रत्येक शिकायत पर तत्काल, संवेदनशील और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment