रायगढ़: रायगढ़ पुलिस ने बड़पारा शराब भट्ठी के पास एक युवक से शराब पीने के लिए पैसे मांगकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले तीन आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अजमानतीय धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, ईतवारी बाजार के पास बड़पारा निवासी भरत सिंह ध्रुव (24 वर्ष) ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बड़पारा शराब भट्ठी में शराब खरीदने गया था। इसी दौरान बिट्टू सारथी, अज्जू बनसदा और आकाश चौहान ने उसे रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर तीनों ने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और मुक्का-घूंसों से मारपीट कर घायल कर दिया।
शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 373/2026 दर्ज कर पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। कुछ ही घंटों में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में—
आकाश चौहान (19 वर्ष), निवासी चांदनी चौक, गांडा पारा, रायगढ़
अज्जू बनसदा (35 वर्ष), निवासी चमड़ा गोदाम, वार्ड क्रमांक 38, रायगढ़
बिट्टू सारथी (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 11, चांदनी चौक, फारूकी गली, रायगढ़
पुलिस जांच में तीनों आरोपियों की प्रवृत्ति पूर्व से झगड़ा-विवाद करने की पाई गई। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति रायगढ़ पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी और आम नागरिकों से मारपीट करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।