रायगढ़: रायगढ़ पुलिस ने सूर्योदय प्लांट के सुरक्षा गार्ड से लूट और चाकू से हमला करने की सनसनीखेज वारदात का चंद घंटों में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त चाकू, सिम कार्ड और बैंक खाते से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना पूंजीपथरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के ग्राम ढोढ़ीआरा निवासी कुबेर कुमार यादव (25 वर्ष), जो वर्तमान में सूर्योदय प्लांट कॉलोनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं, 13 जुलाई की शाम बाजार जाने के लिए पैदल निकले थे। इसी दौरान कंपनी के मुख्य द्वार से कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया और मोबाइल, पर्स तथा रुपये की मांग की।
विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू से उनके पेट के पास हमला कर घायल कर दिया और VIVO T3 मोबाइल तथा पर्स लूटकर फरार हो गए। आरोपियों ने बाद में पीड़ित के मोबाइल का उपयोग कर फोन-पे के माध्यम से 30 हजार रुपये भी अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
घटना की रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वेजौन कंपनी, चिराईपानी के पास तीनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह के कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद किया। वहीं आरोपी जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, सिम कार्ड और बैंक लेन-देन से जुड़े साक्ष्य जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में—
कुलदीप सिंह (33 वर्ष), निवासी बेला झरिया, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (हाल मुकाम पूंजीपथरा)
जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू (21 वर्ष), निवासी ग्राम कचकोबा, थाना तमनार (हाल मुकाम पूंजीपथरा)
अनिकेत धनवार (19 वर्ष), निवासी ग्राम कसडोल, थाना तमनार शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी कुलदीप सिंह पूर्व में ट्रेलर वाहन चोरी के मामले में भी आरोपी रह चुका है।
इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, डीएसपी सुशांत बनर्जी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर विश्वाल, आरक्षक ओम प्रकाश तिवारी, विनोद शर्मा, शेखर चंद्राकर एवं नरेन्द्र पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि लूटपाट जैसे हिंसक अपराध करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की त्वरित और कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।