जशपुर, 02 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलने जा रहे हैं। उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने सहायक प्राध्यापक (Assistant Professor) के 700 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया अविलंब शुरू करने की हरी झंडी दे दी है। इस निर्णय से प्रदेश के हजारों शिक्षित युवाओं को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिलेगा।
मंत्री श्री वर्मा के निर्देश के बाद भर्ती प्रक्रिया को गति देने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही उच्च शिक्षा विभाग के अन्य रिक्त पदों को भरने के लिए भी शासन को तत्काल नया प्रस्ताव भेजने का मार्ग प्रशस्त हो गया है, जिससे विभाग में लंबे समय से खाली पदों की पूर्ति की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने और उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। सहायक प्राध्यापकों की भर्ती से प्रदेश के महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर होगी तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा।
राज्य सरकार के इस फैसले को युवाओं के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से सहायक प्राध्यापकों के रिक्त पदों पर भर्ती की मांग की जा रही थी। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद अभ्यर्थियों को विस्तृत विज्ञापन और पात्रता संबंधी जानकारी जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।