जशपुर: सन्ना पाठ में आकाशीय बिजली का कहर, 48 घंटे में 2 मौतें; जनपद सभा में गूंजा तड़ितचालक लगाने का मुद्दा , BDC राकेश गुप्ता ने हर पंचायत में तड़ितचालक लगाने की मांग की

जशपुर, 02 जुलाई 2026। जशपुर जिले के सन्ना पाठ क्षेत्र में लगातार हो रही आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं और उससे हो रही जनहानि का मुद्दा मंगलवार को बगीचा जनपद पंचायत की सामान्य सभा में प्रमुखता से उठा। पिछले 48 घंटे में क्षेत्र में दो लोगों की मौत के बाद जनप्रतिनिधियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई और तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की।

जनपद अध्यक्ष गायत्री नागेश की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इसी दौरान सन्ना पाठ क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे जनपद सदस्य राकेश गुप्ता ने आकाशीय बिजली से हो रही मौतों और नुकसान का मामला उठाते हुए कहा कि पहाड़ी एवं पठारी क्षेत्र होने के कारण सन्ना पाठ में वज्रपात की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन लोगों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।

राकेश गुप्ता ने सभा में कहा कि क्षेत्र में हर वर्ष आकाशीय बिजली गिरने से लोगों की जान जा रही है और संपत्ति को भी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि बीते सोमवार और मंगलवार को ही दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई स्थानों पर मचान और अन्य संरचनाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। उन्होंने पूरे पाठ क्षेत्र की सभी पंचायतों में प्राथमिकता के आधार पर तड़ितचालक (लाइटनिंग अरेस्टर) लगाने की मांग रखी।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब केवल चर्चा से काम नहीं चलेगा, बल्कि लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता है। उनकी मांग पर जनपद पंचायत की सामान्य सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रस्ताव पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

क्षेत्र में लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं के बीच जनपद पंचायत में उठी यह मांग अब स्थानीय लोगों की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बन गई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रस्ताव पारित होने के बाद प्रशासन जल्द ही तड़ितचालक स्थापना की दिशा में ठोस कदम उठाएगा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment