जशपुर: टेम्पू में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर संपन्न, 534 आवेदनों पर हुई सुनवाई

जशपुर, 31 मई 2026। मनोरा विकासखंड के ग्राम पंचायत टेम्पू में 30 मई को आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत शामिल हुईं। शिविर में 13 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई। शिविर में कुल 534 आवेदन विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त हुए, जिन पर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को आवास की चाबी प्रदान की गई। कृषि विभाग ने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

उद्यानिकी विभाग द्वारा फलदार पौधों का वितरण किया गया, जबकि वन विभाग ने पौधरोपण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधे वितरित किए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म संपन्न कराई गई तथा छोटे बच्चों के लिए अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष परमेश्वर भगत, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हैप्पी कमल कुजूर, पंकज कुमार जायसवाल, जनपद सदस्य श्रीमती सलमा भगत, श्रीमती जगपति, पूर्व जनपद अध्यक्ष गोविंद राम भगत, अध्यक्ष श्रीमती रजनति भगत, टेम्पू की सरपंच श्रीमती पुष्पा भगत सहित सभी 13 ग्राम पंचायतों के सरपंच उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में एसडीएम जशपुर विश्वास राव मस्के, जनपद पंचायत मनोरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रघुनाथ राम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment