जगदलपुर। बस्तर जिले के बकावंड और दरभा विकासखंड में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़ी किसान उत्पादक कंपनियों की पहल से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए मंडी तक जाने की जरूरत कम हुई है। इन कंपनियों ने उत्पादक समूहों से जुड़े किसानों से कुल 3,850 क्विंटल मक्का की सीधी खरीदी की है।
दो एफपीओ ने की मक्का की खरीदी
बकावंड की ‘लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड’ और दरभा की ‘मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी’ ने किसानों से मक्का खरीदा। बाद में इस उपज का विक्रय स्थानीय व्यापारी सोमानी चंदन ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड को किया गया।
परिवहन खर्च और समय की बचत
गांव में ही खरीदी की व्यवस्था होने से किसानों को उपज लेकर दूर की मंडियों तक जाने, परिवहन भाड़ा देने और वहां इंतजार करने की परेशानी से राहत मिली। उपलब्ध जानकारी के अनुसार किसानों को मंडी दर से बेहतर कीमत भी मिल रही है।
खाद-बीज उपलब्ध कराने की तैयारी
एफपीओ भविष्य में किसानों को खाद, बीज और अन्य कृषि इनपुट उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम कर रहे हैं। इसके लिए इफको से पीओएस मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है। मशीन मिलने पर एफपीसी के माध्यम से किसानों को जरूरी कृषि सामग्री उचित दर पर उपलब्ध कराने की योजना है।
बस्तर और छत्तीसगढ़ की ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी खबरों के लिए संवाद छत्तीसगढ़ पढ़ते रहें। वेबसाइट: https://samvadchhattisgarh.com