जगदलपुर। मत्स्यपालन को ग्रामीण आजीविका और स्वरोजगार का मजबूत साधन बनाने के उद्देश्य से जगदलपुर के टाउन हॉल में संभाग स्तरीय विश्व मात्स्यिकी दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बस्तर संभाग के सातों जिलों से मछुआ सहकारी समितियों, मछुआ समूहों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और प्रगतिशील मत्स्यपालक किसानों ने भाग लिया।
आधुनिक तकनीक से उत्पादन बढ़ाने पर जोर
कार्यक्रम के तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों ने कम लागत में अधिक उत्पादन के उपाय बताए। कृषि विज्ञान केंद्र दंतेवाड़ा के वरिष्ठ वैज्ञानिक ओम प्रकाश ने तिलापिया और झींगा पालन की आधुनिक तकनीक, तालाब प्रबंधन तथा मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दी। मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई।
समितियों और हितग्राहियों को सामग्री वितरण
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली समितियों को प्रोत्साहित किया गया। लोहंडीगुड़ा विकासखंड के चित्रकोट की प्राथमिक कुड़ूक मछुआ एवं नौका विहार समिति को सम्मानित किया गया। समिति अनुदान योजना के तहत बस्तर जिले की तीन मछुआ सहकारी समितियों को मत्स्य आखेट के लिए जाल दिए गए। मत्स्यपालकों और समितियों को आवश्यक उपकरण व सामग्री भी वितरित की गई।
एकीकृत आजीविका पर भी चर्चा
विशेषज्ञों ने मत्स्यपालन के साथ एकीकृत कुक्कुटपालन जैसे विकल्प अपनाने पर भी जोर दिया, ताकि ग्रामीण परिवारों के लिए आय के अतिरिक्त साधन विकसित हो सकें।
बस्तर की कृषि, आजीविका और विकास से जुड़ी खबरों के लिए संवाद छत्तीसगढ़ पढ़ते रहें। वेबसाइट: https://samvadchhattisgarh.com