जशपुर/सन्ना, 30 जून 2026। सन्ना क्षेत्र के कप्तुरापाठ गांव में सोमवार रात लगभग 8 बजे आकाशीय बिजली गिरने की दर्दनाक घटना में 12 वर्षीय बालक प्रमोद राम की मौत हो गई। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य अपने मकान के भीतर मौजूद थे। अचानक हुए वज्रपात की चपेट में आने से प्रमोद राम की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि परिवार के छह अन्य सदस्य घायल हो गए।
घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सन्ना लाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। घायलों में मृतक की माता बंधनी बाई भी शामिल हैं, जिन्हें अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की त्वरित सक्रियता से उनकी स्थिति में सुधार हुआ है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी घायल अब खतरे से बाहर हैं और उपचार के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सन्ना के चिकित्सक डॉ. नितीश सोनवानी ने बताया कि बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि तेज गर्जना और बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें।
इस हृदयविदारक घटना से कप्तुरापाठ गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने मृतक बालक के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।