रायपुर: सहकारिता आंदोलन को जनभागीदारी का महाअभियान बना रही है साय सरकार – केदार कश्यप

रायपुर, 30जून 2026। सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, रायपुर में सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सहकारिता आंदोलन के जनक पंडित वामनराव बलिराम लाखे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सहकारिता को जनभागीदारी के व्यापक अभियान के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि लोगों को साथ लेकर विकास करने की सशक्त सोच है। राज्य सरकार का उद्देश्य सहकारिता को जनआंदोलन का स्वरूप देकर प्रत्येक ग्रामीण परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना है।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारिता मंत्रालय की स्थापना तथा अमित शाह के मार्गदर्शन में देश में सहकारिता क्षेत्र को नई पहचान और नई दिशा मिली है। पिछले पांच वर्षों में किसानों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।

मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सहकारिता को गांव-गांव तक मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्राथमिक कृषि साख समितियों को सशक्त बनाया जा रहा है, किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है तथा सहकारी संस्थाओं में पारदर्शिता और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि “साथ मिलकर विकास” ही सहकारिता का मूल मंत्र है और इसी भावना के साथ आत्मनिर्भर भारत तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से पारदर्शिता, जवाबदेही और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान सहकारिता सप्ताह को केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सहकारिता की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का महाअभियान बताया गया। सप्ताहभर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सहकारिता से जोड़ने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करने के प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर केदारनाथ गुप्ता, निरंजन सिन्हा, अभिनेष कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सहकारी संस्थाओं के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment