जशपुर: बिना पंजीयन चल रहे क्लिनिक पर कार्रवाई, गिरांग मोड़ स्थित मां भवानी आरोग्य संस्था सील

जशपुर, 14 अप्रैल 2026। कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सोमवार को गिरांग मोड़ दोड़काचौरा स्थित मां भवानी आरोग्य संस्था चिकित्सा केंद्र पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। निरीक्षण के दौरान संस्था द्वारा छत्तीसगढ़ शासन का वैध पंजीयन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका, जिसके चलते इसे अवैध रूप से संचालित पाया गया।

जानकारी के अनुसार, साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा को जिले में संचालित सभी निजी क्लीनिकों के पंजीयन की जांच करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि जो संस्थान वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।

इसी क्रम में जिला प्रशासन एवं मेडिकल टीम द्वारा विभिन्न संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें गिरांग मोड़ स्थित उक्त चिकित्सा केंद्र बिना पंजीयन संचालित पाया गया। मौके पर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण तत्काल प्रभाव से संस्था को सील कर दिया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment