जशपुर: विकसित भारत के निर्माण में बुद्धिजीवियों को भाजपा का आह्वान, राष्ट्र निर्माण में निभाएं सक्रिय भूमिका

जशपुर, 22 जून 2026। भारतीय जनता पार्टी द्वारा वृंदावन इम्पेरियल, जशपुर में जिला स्तरीय प्रबुद्ध जन सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शिक्षाविदों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने विकसित भारत के निर्माण में प्रबुद्ध समाज की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए सुशासन, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं पर व्यापक चर्चा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रबुद्ध वर्ग की भागीदारी सदैव निर्णायक रही है। उन्होंने कहा कि समाज के जागरूक और विचारवान नागरिक सकारात्मक जनमत निर्माण के साथ विकास की धारा को गति देने का कार्य करते हैं। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब समाज का प्रत्येक वर्ग अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करेगा।

जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सुशासन और गरीब कल्याण की राजनीति को नई दिशा मिली है। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है, जिससे आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

छत्तीसगढ़ कर्मकार मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने श्रमिकों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने प्रबुद्ध समाज से सरकारी योजनाओं और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए समाज के प्रत्येक जागरूक नागरिक की सहभागिता को आवश्यक बताया।

सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का व्यापक जनआंदोलन है। उन्होंने प्रबुद्ध समाज से राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और विकास के संकल्प को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला भाजपा महामंत्री मुकेश शर्मा ने किया। जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि सम्मेलन में रौतिया समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश साय, जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और जिले भर से बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment