जशपुर, 22 जून 2026। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने के उद्देश्य से जिला पंचायत जशपुर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले की चयनित 70 ग्राम पंचायतों के सरपंचों और सचिवों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को भारत सरकार द्वारा अधिसूचित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ग्राम स्तर पर ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता गतिविधियों के प्रभावी संचालन, कचरा पृथक्करण, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जिले के सातों जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के जिला समन्वयक, यूनिसेफ जिला समन्वयक, ब्लॉक समन्वयक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, जनभागीदारी को बढ़ावा देने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियों को प्राथमिकता देने और नियमों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार ने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल ग्रामों के निर्माण में ग्राम पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के सफल क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ होगी, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा।
कार्यक्रम के समापन पर जनपद पंचायत अध्यक्षों ने सरपंचों और सचिवों को स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए प्रेरित किया तथा पंचायत स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियानों को नई गति प्रदान करेगी।