जशपुर, 16 मई 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शनिवार को कलेक्टर रोहित व्यास ने जिले के खराब परीक्षा परिणाम वाले 26 विद्यालयों के बोर्ड परीक्षा परिणामों की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कमजोर रिजल्ट को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित विद्यालयों एवं शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मोतीलाल हायर सेकेंडरी विद्यालय लोखंडी को खराब परीक्षा परिणाम के लिए नोटिस जारी करने, सेंट मैरी विद्यालय दुलदुला की जांच कराने तथा सेजेस मनोरा के वाणिज्य विषय के व्याख्याता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही विषयवार खराब परिणाम देने वाले शिक्षकों पर भी कार्रवाई करने कहा गया। सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को संबंधित शिक्षकों की बैठक लेकर जांच करने तथा रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अनुत्तीर्ण एवं पूरक आए विद्यार्थियों की वर्षभर की उपस्थिति, मासिक, तिमाही एवं छमाही परीक्षा परिणामों की समीक्षा कर फेल होने के कारणों का विश्लेषण करने कहा। प्राइवेट एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों के कमजोर परिणाम पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने चेतावनी दी कि वर्तमान शिक्षा सत्र में सुधार नहीं होने पर संबंधित विद्यालयों की मान्यता समाप्त करने तथा अनुदान प्राप्त विद्यालयों के अनुदान प्रस्तावों पर पुनर्विचार किया जाएगा।
कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा बच्चों की शिक्षा पर खर्च की जा रही राशि का लाभ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के रूप में मिलना चाहिए। बेहतर शिक्षा गुणवत्ता के लिए सभी अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में मासिक परीक्षा सहित “यशस्वी जशपुर” कार्यक्रम की गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए गए। अब शासकीय विद्यालयों के साथ-साथ निजी एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों की भी नियमित समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने “यशस्वी जशपुर” की टीम को विद्यालयों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्राचार्य प्रतिदिन किसी एक कक्षा में पूरे कालखंड तक उपस्थित रहकर शिक्षण कार्य का अवलोकन करेंगे। शिक्षण पद्धति में कमी पाए जाने पर आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए जाएंगे।
विद्यालयों में विद्यार्थियों की 100 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए पालकों से नियमित संपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए गए। कक्षा शिक्षकों को प्रतिदिन अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को कॉल कर कारण दर्ज करने कहा गया। साथ ही विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा मोबाइल उपयोग नहीं करने पर भी जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा, यशस्वी जशपुर के नोडल विनोद गुप्ता, सदस्य अवनीश पांडेय, संजय दास सहित सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं प्राचार्य उपस्थित रहे।