JASHPUR: गौवंश वध मामले का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, हथियार व दो बाइक जब्त ,खेत में मिला गौवंश का धड़

जशपुर, 05 जुलाई 2026। जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र में गौवंश वध के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार, दो मोटरसाइकिल एवं एक टॉर्च भी बरामद कर जब्त की है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिन्हें चिन्हित कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 30 जून 2026 को ग्राम बरखोरिया निवासी खेमानिधि यादव ने थाना बागबहार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि चार व्यक्ति दो मोटरसाइकिलों और पैदल एक गौवंश को लेकर बरखोरिया से मुडाबहला की ओर जा रहे थे। पूछताछ करने पर आरोपियों ने गौवंश को खरीदकर ले जाने की बात कही, लेकिन उनके व्यवहार पर संदेह होने पर ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान ग्राम हल्दीझरिया के समीप खेत में बने एक गड्ढे में गौवंश का वध किया हुआ धड़ बरामद हुआ। घटनास्थल से गाय की खाल, सिर, चारों पैर, कान का बिल्ला, रस्सी, गोबर, रक्त के निशान तथा मांस काटने में प्रयुक्त लकड़ी का गुटका भी मिला। सूचना पर पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

प्रकरण में थाना बागबहार में अपराध क्रमांक 61/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5, 6 एवं 10 के तहत विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान मुख्य आरोपी अयजक एक्का को ग्राम बिरीमडेगा से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों सुशील कुजूर, प्रमोद एक्का, अगस्तुस तिर्की तथा दो अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर गौवंश वध करने की बात स्वीकार की।

इसके बाद पुलिस ने सुशील कुजूर, प्रमोद एक्का और अगस्तुस तिर्की को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार, दो मोटरसाइकिल और टॉर्च बरामद किए गए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने और आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अयजक एक्का (35 वर्ष), सुशील कुजूर (28 वर्ष), प्रमोद एक्का (30 वर्ष) और अगस्तुस तिर्की (34 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी थाना बागबहार क्षेत्र के कर्राजोर गांव के निवासी हैं।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौवंश वध के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले से जुड़े दो अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।

पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक कुमार पांडे, पीएसआई मोहन मरकाम, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सोनमानी, लव चौहान तथा आरक्षक अनिल चौहान और पवन पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment