पं. रामचन्द्र पौराणिक सामुदायिक भवन में सजा प्रतिभाओं का मंच, विधायक रायमुनी भगत सहित जनप्रतिनिधियों ने विजेताओं को किया सम्मानित
जशपुरनगर। युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने और उनमें सांस्कृतिक आदान-प्रदान, पारंपरिक एकीकरण तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय युवा महोत्सव 2026-27 का आयोजन 17 नवंबर को जशपुर के पं. रामचन्द्र पौराणिक सामुदायिक भवन में किया गया। महोत्सव में जिले के सभी 08 विकासखंडों से लगभग 800 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में युवाओं का उत्साह और हुनर देखने को मिला।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव में कुल 08 स्पर्धात्मक विधाओं को शामिल किया गया था। इनमें विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोक नृत्य समूह, लोक गीत समूह, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव रील चैलेंज और पारंपरिक वेशभूषा विधा शामिल थीं।
आठ प्रतियोगिताओं में दिखी युवा प्रतिभाओं की रचनात्मकता
युवा महोत्सव के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोक नृत्य और लोकगीत के माध्यम से युवाओं ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कला का प्रदर्शन किया। वहीं चित्रकला, कविता लेखन और नुक्कड़ नाटक के जरिए अपनी रचनात्मक क्षमता का परिचय दिया।
इसके अलावा विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, क्रिएटिव रील चैलेंज और पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया। जिले के सभी विकासखंडों से युवाओं की भागीदारी के चलते आयोजन में खासा उत्साह देखने को मिला।
विधायक रायमुनी भगत सहित जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत उपस्थित रहीं। उनके साथ नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगा राम, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष राजू गुप्ता, विजय सहाय, राजा सोनी, राहुल गुप्ता, शिव प्रकाश तिवारी सहित सभी वार्डों के पार्षदगण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपरा और प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
आत्मविश्वास और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करते हैं ऐसे आयोजन
युवा महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही ऐसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, आपसी सहयोग और राष्ट्रीय एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं।
छत्तीसगढ़ की बात सीधे आपके साथ। जशपुर जिले की युवा प्रतिभाओं, संस्कृति, शिक्षा और क्षेत्रीय गतिविधियों से जुड़ी खबरों के लिए पढ़ते रहें संवाद छत्तीसगढ़।