जशपुर, 20 जून 2026। शत-प्रतिशत विद्यालयीन उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बरगांव में जन चौपाल का आयोजन किया गया। शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय के प्राचार्य श्री ज़ेडर राम मांझी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्राम के गणमान्य नागरिकों, ग्रामीणों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
चौपाल के दौरान विद्यालय में बच्चों की नियमित एवं अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। प्राचार्य श्री मांझी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय आने वाले बच्चे केवल अपने परिवार के ही नहीं, बल्कि पूरे गांव की जिम्मेदारी हैं। उन्होंने स्थानीय बोली में ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और अभिभावकों को नियमित रूप से बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है और किसी भी बच्चे को शिक्षा से वंचित नहीं रहने देना पूरे समाज का दायित्व है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामुदायिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में ग्राम कोटवार को भी निर्देशित किया गया कि वे गांव में मुनादी कर लोगों को शिक्षा और विद्यालयीन उपस्थिति के महत्व के प्रति जागरूक करें तथा बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करें।
जन चौपाल के माध्यम से ग्राम में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति के लक्ष्य को प्राप्त करने का सकारात्मक संदेश प्रसारित किया गया। ग्रामीणों ने भी बच्चों की शिक्षा और नियमित विद्यालयीन उपस्थिति के लिए सहयोग देने का संकल्प लिया।