जवाहर नवोदय विद्यालय जशपुर में कक्षा 11वीं विज्ञान संकाय में प्रवेश का सुनहरा अवसर ,पार्श्व चयन (लेटरल एंट्री) के माध्यम से रिक्त सीटों पर 25 जून तक आवेदन आमंत्रित

जशपुरनगर 19 जून 2026/ पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, जशपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11वीं विज्ञान संकाय की रिक्त सीटों पर पार्श्व चयन (लेटरल एंट्री) के माध्यम से प्रवेश हेतु पात्र छात्र-छात्राओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विद्यालय प्रबंधन ने इच्छुक एवं योग्य विद्यार्थियों से निर्धारित तिथि तक आवेदन करने की अपील की है। विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि आवेदन पत्र विद्यालय कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त आवेदन प्रपत्र विद्यालय की वेबसाइट से भी डाउनलोड किया जा सकता है। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र 25 जून 2026 तक विद्यालय कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे।

      प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही कुल प्राप्तांकों में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। विज्ञान संकाय में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए कक्षा 10वीं में विज्ञान विषय में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक तथा गणित विषय में भी कम से कम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त होना अनिवार्य होगा। आयु संबंधी पात्रता के अनुसार अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 जून 2009 से 31 जुलाई 2011 के बीच होनी चाहिए। साथ ही अभ्यर्थी का जशपुर जिले के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से वर्ष 2025-26 में कक्षा 10वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है।

        प्राचार्य ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी होगी तथा चयन कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर किया जाएगा। मेरिट सूची तैयार करते समय सीबीएसई बोर्ड के विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद अन्य बोर्डों, जैसे छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल आदि के विद्यार्थियों के आवेदनों पर रिक्त सीटों के अनुसार विचार किया जाएगा। विद्यालय प्रशासन ने सभी पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थियों से अंतिम तिथि से पूर्व आवेदन करने का आग्रह किया है, ताकि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं नवोदय विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिल सके। प्रवेश से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी एवं अभिभावक विद्यालय के हेल्पलाइन नंबर 8127790164, 9507106699 एवं 8969918501 पर संपर्क कर सकते हैं। विद्यालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment