जशपुर ,01 मई 2026। बगीचा ब्लॉक शिक्षा विभाग बगीचा के सभागार में गुरुवार को आयोजित गरिमामयी समारोह में दो वरिष्ठ शिक्षकों को सेवानिवृत्ति पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। शिक्षा जगत में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कालिया के प्रधान पाठक अमृत राम खलखो एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सिहारडांड़ के शिक्षक (एलबी) नारायण यादव को उनके दीर्घ सेवाकाल पूर्ण होने पर पीपीओ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान वातावरण भावुक हो उठा। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों शिक्षकों की अनुशासनप्रियता, कर्तव्यनिष्ठा और शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान व्यक्त किया।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन पटेल ने कहा कि शिक्षक समाज की मजबूत नींव होते हैं और उनके द्वारा दी गई शिक्षा पीढ़ियों तक समाज को दिशा देती है। उन्होंने दोनों शिक्षकों के समर्पण और सेवा भावना को प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिलीप टोप्पो, लेखाकार शैलेश अम्बस्ट, प्रधान लिपिक अमृत किस्पोट्टा, तिलक श्रीवास, मनोज बाखला तथा एमआईएस समन्वयक ममता शर्मा सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह के अंत में सभी ने दोनों शिक्षकों के स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानजनक जीवन की कामना की।



















