जशपुरनगर, 10 जून 2026। जशपुर जिला मुख्यालय से लगभग 60-70 किलोमीटर दूर कुनकुरी विकासखंड का वनांचल ग्राम पुटुकेला कभी पेयजल की गंभीर समस्या से जूझ रहा था। चारों ओर घने जंगलों से घिरे इस गांव में ग्रामीणों को वर्षों तक पानी के लिए कुओं और पारंपरिक जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन अब जल जीवन मिशन ने गांव की तस्वीर बदल दी है। आज गांव के प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से शुद्ध और सुरक्षित पेयजल पहुंच रहा है।
जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पुटुकेला में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ और विकसित किया गया है। गांव में स्थापित चार उच्च स्तरीय जलागारों के माध्यम से 134 फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन प्रदान किए गए हैं, जिससे सभी परिवारों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
योजना के क्रियान्वयन से पहले ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को प्रतिदिन पानी लाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। गर्मी के मौसम में जल स्रोत सूखने लगते थे, जबकि बारिश के दौरान पानी की गुणवत्ता प्रभावित होने से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती बन जाता था। इसके कारण जलजनित बीमारियों का खतरा भी बना रहता था।
पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से घर-घर नल कनेक्शन मिलने के बाद ग्रामीणों का जीवन काफी आसान हो गया है। अब महिलाओं और बच्चों को पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ता, जिससे उनके समय और श्रम की बचत हो रही है। बच्चे नियमित रूप से विद्यालय जा पा रहे हैं, वहीं महिलाएं घरेलू कार्यों के साथ-साथ आजीविका संबंधी गतिविधियों में भी अधिक समय दे रही हैं।
शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता से ग्रामीणों के स्वास्थ्य स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है तथा जलजनित बीमारियों में कमी दर्ज की गई है। गांव के लोगों का जीवन पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और खुशहाल हुआ है।
जल जीवन मिशन के निर्धारित मानकों के अनुरूप ग्राम के सभी परिवारों को नियमित रूप से नल के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराए जाने के फलस्वरूप लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्राम पुटुकेला का “घर जल प्रमाणीकरण” भी पूर्ण कर लिया गया है।
ग्रामवासी इस योजना से अत्यंत संतुष्ट हैं। उनका कहना है कि जल जीवन मिशन ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है और अब उन्हें नियमित रूप से शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य, जीवन स्तर और दैनिक गतिविधियों में उल्लेखनीय सुधार आया है।