जशपुर: स्वतंत्रता दिवस को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 15 अगस्त 2026 को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी गई है। जशपुर जिला मुख्यालय में इस बार मंत्री राजेश अग्रवाल तिरंगा फहराएंगे।
राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ध्वजारोहण करेंगे। बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, दुर्ग में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और बस्तर में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे।
वहीं राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सरगुजा में मंत्री रामविचार नेताम, महासमुंद में मंत्री दयालदास बघेल, दंतेवाड़ा में मंत्री केदार कश्यप, कबीरधाम में मंत्री लखन लाल देवांगन, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, रायगढ़ में मंत्री ओपी चौधरी, कोरबा में मंत्री टंकराम वर्मा, सूरजपुर में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और जांजगीर-चांपा में गुरु खुशवंत साहेब ध्वजारोहण करेंगे।
इसी क्रम में बालोद में मंत्री गजेंद्र यादव, बलौदाबाजार में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में सांसद विजय बघेल, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सांसद संतोष पाण्डेय, कोंडागांव में सांसद भोजराज नाग, बलरामपुर में सांसद चिंतामणी महाराज, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सांसद राधेश्याम राठिया, गरियाबंद में सांसद रूपकुमारी चौधरी, सक्ती में सांसद कमलेश जांगड़े, बीजापुर में सांसद महेश कश्यप और सुकमा में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि होंगे।
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ध्वजारोहण करेंगी। शासन के आदेश में इसके बाद अन्य जिला मुख्यालयों के लिए भी विधायक एवं जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है।
सुबह 9 बजे से शुरू होंगे समारोह
शासन के निर्देश के अनुसार राज्य और जिला मुख्यालयों में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह सुबह 9 बजे से शुरू होंगे। समारोह में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड की सलामी और स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ध्वजारोहण के बाद प्रदेश की जनता के नाम संदेश भी देंगे।
गांवों तक पहुंचेगा स्वतंत्रता दिवस का उत्साह
जिला मुख्यालय के साथ ही जनपद पंचायत, तहसील, नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर भी ध्वजारोहण किया जाएगा।
जनपद पंचायत मुख्यालय में संबंधित जनपद पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में संबंधित अध्यक्ष तथा ग्राम पंचायत और बड़े गांवों में सरपंच या गांव के मुखिया द्वारा तिरंगा फहराया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत का गायन होगा।
स्कूल-कॉलेजों में भी ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद, वृक्षारोपण और प्रभात फेरी जैसे आयोजन किए जाएंगे।
14 अगस्त की रात जगमगाएंगे सरकारी भवन
शासन ने 14 अगस्त की रात शासकीय एवं सार्वजनिक महत्व के भवनों को रोशनी से सजाने के निर्देश दिए हैं। जिला कलेक्टर अपने स्तर पर शासकीय संस्थानों और भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करेंगे।
इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और नक्सली हिंसा में शहीद जवानों के परिवारों को जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यानी 15 अगस्त को जशपुर से लेकर प्रदेश के गांव-गांव तक तिरंगा शान से लहराएगा और जशपुर जिला मुख्यालय में मंत्री राजेश अग्रवाल ध्वजारोहण कर मुख्य समारोह की अगुवाई करेंगे।