जशपुर : नवसंकल्प से निकली नई फौज… जिले के 12 युवाओं ने रचा चयन का रिकॉर्ड

जशपुरनगर, 07 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में संचालित नवसंकल्प शिक्षण संस्थान ने एक बार फिर जिले को गौरवान्वित किया है। कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित कांस्टेबल जनरल ड्यूटी (एसएससी जीडी) परीक्षा–2025 के अंतिम परिणाम में संस्थान के 12 छात्र-छात्राओं का चयन देश के विभिन्न अर्धसैनिक बलों में हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसएससी जीडी की लिखित परीक्षा फरवरी–मार्च 2025 में आयोजित की गई थी, जिसमें नवसंकल्प शिक्षण संस्थान के 36 अभ्यर्थी सफल रहे। इसके बाद नवंबर–दिसंबर 2025 में शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं मेडिकल परीक्षण सम्पन्न हुए। सभी चरणों को सफलतापूर्वक पार करने के बाद हाल ही में घोषित अंतिम सूची में संस्थान के एक दर्जन विद्यार्थियों ने स्थान बनाया।

चयनित अभ्यर्थियों में 5 युवाओं का चयन केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में हुआ है, जिनमें बालेश्वर नाग, नोवेल टोप्पो, सोंकेश्वर प्रधान, नेहरू लाल एवं अरुण कुमार पैंकरा शामिल हैं।
सीमा सुरक्षा बल (BSF) में ब्रिन्देश्वर एवं सृष्टि तिर्की चयनित हुए हैं।
केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में रोहित केरकेट्टा, अरविंद केरकेट्टा एवं सुरेन्द्र राम का चयन हुआ है।
वहीं सशस्त्र सीमा बल (SSB) में देव प्रसाद नाग तथा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में चन्दन कालो ने सफलता अर्जित की है।

संस्थान की प्राचार्य सुश्री दुर्गेश्वरी सिंह ने इस उपलब्धि को विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन एवं नियमित प्रशिक्षण का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि नवसंकल्प का उद्देश्य जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

उल्लेखनीय है कि नवसंकल्प शिक्षण संस्थान पूर्व वर्षों में भी निरंतर बेहतर परिणाम देता रहा है। वर्ष 2025 में ही संस्थान के 125 विद्यार्थियों का चयन होमगार्ड्स, जिला पुलिस बल एवं विभिन्न केन्द्रीय सुरक्षा बलों में हुआ था। कभी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों पर निर्भर रहने वाला जशपुर अब अपने ही जिले में युवाओं को सशक्त मंच उपलब्ध करा रहा है।

सभी चयनित विद्यार्थियों को नवसंकल्प शिक्षण संस्थान के स्टाफ एवं जिला प्रशासन की ओर से शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment