सहेली के जरिए हुई थी पहचान, बच्चों को अपनाने का भी दिया था भरोसा; मांग में सिंदूर भरकर बनाए संबंध, पत्थलगांव पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
जशपुर। शादी और परिवार बसाने का भरोसा देकर एक महिला के साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करने से इंकार करने के मामले में पत्थलगांव पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला को शादी करने के साथ उसके बच्चों का पालन-पोषण करने का भी भरोसा दिलाया था। महिला की मांग में सिंदूर भरने के बाद आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में अपने वादे से मुकर गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू की थी। अब उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जशपुर पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को थाना पत्थलगांव में 30 वर्षीय प्रार्थिया ने उपस्थित होकर लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि वर्ष 2023 में अपनी एक सहेली के माध्यम से उसकी पहचान आरोपी दुर्योधन यादव से हुई थी। प्रार्थिया ने आरोपी को अपनी शादीशुदा जिंदगी एवं बच्चों के संबंध में पहले ही बता दिया था।
आरोपी दुर्योधन यादव ने प्रार्थिया को विश्वास दिलाया कि वह उसे पसंद करता है तथा उसी से शादी करेगा और उसके बच्चों का भी पालन-पोषण करेगा। आरोपी की बातों पर विश्वास करते हुए प्रार्थिया उसे दिनांक 31 मार्च 2023 को अपने किराये के मकान में ले गई। वहां आरोपी ने प्रार्थिया से रिश्ता बनाने की इच्छा जताते हुए उसकी मांग में सिंदूर भरा तथा उसी रात्रि लगभग 11 बजे उसके साथ पहली बार शारीरिक संबंध बनाया।
प्रार्थिया के अनुसार, इसके बाद आरोपी द्वारा 31 मार्च 2023 से 1 अक्टूबर 2026 तक बीच-बीच में शादी करने का भरोसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए गए। बाद में आरोपी ने प्रार्थिया को पत्नी बनाकर रखने से इंकार कर दिया।
मुखबिर की सूचना पर गृह ग्राम में दबिश देकर पकड़ा गया आरोपी
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में आरोपी दुर्योधन यादव उम्र 22 वर्ष के विरुद्ध अपराध क्रमांक 253/2026, धारा 376(2-एन) भारतीय दंड विधान एवं धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
आरोपी दुर्योधन घटना दिनांक से फरार था। पुलिस द्वारा लगातार उसकी पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी अपने गृह क्षेत्र में देखा गया है। सूचना पर थाना पत्थलगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के गृह ग्राम में घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी दुर्योधन यादव द्वारा अपराध स्वीकार करने एवं पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद दिनांक 17 नवंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की अग्रिम विवेचना जारी है।
महिलाओं से जुड़े अपराधों पर सख्त कार्रवाई का संदेश
मामले में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि थाना पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत एक महिला के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। उन्होंने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
ऐसी ही स्थानीय और महत्वपूर्ण खबरों के लिए पढ़ते रहें संवाद छत्तीसगढ़। पूरी खबरें पढ़ने के लिए विजिट करें: samvadchhattisgarh.com।