जशपुर: रात में चोरी, सुबह हड़कंप , पुलिस ने सूचना के 4 घंटे के भीतर सुलझाया नन्हेसर शिवलिंग चोरी कांड- शिवलिंग बरामद! पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में SDOP के नेतृत्व में गठित टीम ने की बड़ी कार्यवाही ,आरोपी गिरफ्तार….!

जशपुर, 14 अप्रैल 2026। जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नन्हेसर स्थित प्राचीन शिव मंदिर से शिवलिंग चोरी की घटना ने सोमवार देर रात पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। सुबह जब ग्रामीण पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो शिवलिंग अपनी जगह से गायब मिला, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश देखा गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री लाल उमेद सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया और एसडीओपी जशपुर श्री परमा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर सक्रिय रूप से खोजबीन और जांच शुरू करने के निर्देश दिए। सन्ना थाना प्रभारी संतोष सिंह अपनी टीम के साथ लगातार कार्रवाई में जुटे रहे।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है—इससे पहले वर्ष 2022 में भी इसी नन्हेसर शिव मंदिर से शिवलिंग चोरी की घटना सामने आ चुकी है, जो बाद में रहस्यमय तरीके से वापस रख दिया गया था। इस बार दोबारा हुई घटना ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। जशपुर पुलिस ने अपनी मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए सूचना के महज 4 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान संदीप राम पिता रामसाय, निवासी कोदोपारा के रूप में की गई है, जिसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(घ) एवं 298 के तहत कार्यवाही की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में आरोपी की मानसिक स्थिति कुछ हद तक असामान्य (विक्षिप्त) पाई गई, जिसके चलते पुलिस को उस पर संदेह हुआ और पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह घटना के एक दिन पहले शाम को नन्हेसर की ओर घूमने गया था। इसी दौरान वह मंदिर में प्रवेश कर शिवलिंग एवं अन्य सामग्री को अपने घर ले जाकर सुरक्षित रख दिया था।

पुलिस ने आरोपी के बताए अनुसार उसके घर से शिवलिंग बरामद कर लिया और सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी जशपुर श्री परमा के साथ सन्ना थाना प्रभारी संतोष सिंह, एएसआई सिरप साय पैकरा, आरक्षक शिव, विनय तथा हेड कांस्टेबल प्रभनन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम की तत्परता और समन्वय के चलते इतनी कम समय में आरोपी तक पहुंचना संभव हो पाया।

जशपुर पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच जारी है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment