जशपुर, 18 मई 2026। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार “जन भागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के तहत जशपुर जिले के 417 धरती आबा ग्राम एवं पीएम जनमन ग्रामों में व्यापक स्तर पर जनजातीय गरिमा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 18 मई से 25 मई 2026 तक संचालित होगा।
अभियान के तहत 18 मई को जिला कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में सभी विभाग प्रमुखों एवं एसडीएम की बैठक आयोजित की जाएगी। वहीं 19 मई से 24 मई तक जिले के 42 क्लस्टरों में संतृप्तिकरण शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा 21 से 23 मई तक आदि सेवा केंद्रों में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित होंगे, जहां ग्रामीण अपनी समस्याएं रख सकेंगे तथा उनका मौके पर निराकरण किया जाएगा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ना तथा जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और गौरव को सम्मान देना है। अभियान के दौरान स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता कार्यक्रम, जनसंवाद, हितग्राही संतृप्तिकरण शिविर एवं विभिन्न विभागों द्वारा सेवा प्रदाय गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पारंपरिक मुखियाओं, जनजातीय कलाकारों, युवा समूहों, स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कर्मियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रहेगी। उत्सव के दौरान जनजातीय लोकनृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, योजनाओं की जानकारी, हितग्राही अनुभव साझा करने तथा जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।
स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ सिकल सेल एनीमिया एवं टीबी जांच पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने हेतु विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे।
जिला प्रशासन जशपुर द्वारा अभियान के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।