जशपुरनगर। जशपुर के शतरंज इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। जिले में पहली बार आयोजित हो रही ‘चेकमेट एट जशपुर–अखिल भारतीय ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता 2026’ का शुभारंभ आज सुबह 10 बजे पुरानी टोली स्थित कम्युनिटी हॉल में होगा। प्रतियोगिता 1 सितंबर तक चलेगी, जिसमें देशभर से शतरंज खिलाड़ी अपनी चालों का दम दिखाएंगे।
चार दिवसीय इस प्रतियोगिता का शुभारंभ लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव करेंगे। प्रशासन, खेल विभाग एवं जशपुर जिला शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि, आठ चक्रों में होगी प्रतियोगिता
अखिल भारतीय ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता में कुल 2 लाख 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। मुख्य श्रेणी में विजेता को 50 हजार रुपये और ट्रॉफी, उपविजेता को 30 हजार रुपये, जबकि तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 20 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा विभिन्न रेटिंग श्रेणियों, महिला, वरिष्ठ और आयु वर्ग के खिलाड़ियों के साथ ही जशपुर एवं सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों के लिए भी विशेष पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रतियोगिता आठ चक्रों में फिडे स्विस प्रणाली के अनुसार आयोजित होगी।
बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए विशेष व्यवस्था
प्रतियोगिता को लेकर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने पूर्व में तैयारियों का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए भोजन, ठहरने, परिवहन और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान जशपुर एसडीएम श्री विश्वास राव मस्के, नगर पालिका अधिकारी श्री योगेश्वर उपाध्याय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
पिछले विजेताओं ने भी खिलाड़ियों से की अपील
पिछले वर्ष जशपुर में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता के मुख्य श्रेणी विजेता स्पर्श खंडेलवाल ने देशभर के खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जशपुर में लगातार शतरंज प्रतियोगिताओं का आयोजन होना खुशी की बात है और उम्मीद है कि यह आयोजन आने वाले वर्षों में और अधिक बड़ा होगा।
पिछले वर्ष की राज्य स्तरीय ओपन शतरंज प्रतियोगिता के प्रथम रनर-अप वी. विराट अय्यर ने भी खिलाड़ियों को जशपुर आने का न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की प्रतियोगिता में प्रथम रनर-अप रहते हुए उन्हें 21 हजार रुपये का पुरस्कार मिला था और इस वर्ष वे अखिल भारतीय फिडे रेटेड शास्त्रीय शतरंज प्रतियोगिता को लेकर भी उत्साहित हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से जशपुर पहुंचकर प्रतियोगिता का हिस्सा बनने की अपील करते हुए कहा कि जशपुर की खूबसूरत वादियां, सुहाना मौसम और शतरंज का रोमांच खिलाड़ियों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा।
उच्च रेटिंग वाले खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रवेश
प्रतियोगिता में ग्रैंडमास्टर, इंटरनेशनल मास्टर, महिला ग्रैंडमास्टर, महिला इंटरनेशनल मास्टर तथा 2200 या उससे अधिक फिडे रेटिंग वाले खिलाड़ियों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।
जशपुर में पहली बार आयोजित हो रही यह अखिल भारतीय फिडे रेटेड प्रतियोगिता स्थानीय खिलाड़ियों के लिए भी बड़ा अवसर साबित होगी। उन्हें देश के अनुभवी और उच्च रेटिंग वाले खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने तथा राष्ट्रीय स्तर के माहौल में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।