जशपुर, 12 मई 2026। सन्ना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हर्राडिपा में एक 15 वर्षीय नाबालिग पहाड़ी कोरवा युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को घर में किसी बात को लेकर युवती को उसके माता-पिता द्वारा डांट-फटकार लगाई गई थी। इसके बाद सोमवार शाम लगभग 4 बजे, जब घर के अन्य सदस्य घर पर नहीं थे, उसी दौरान युवती ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर सन्ना पुलिस मौके पर मौजूद है और मामले की जांच कर रही है। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सन्ना से डॉक्टर भी पोस्टमार्टम प्रक्रिया के लिए मौजूद हैं। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की घटनाएं समाज और परिवार के लिए गंभीर चिंता का विषय मानी जा रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, किशोरावस्था में बच्चों की भावनाओं को समझना, उनसे लगातार संवाद बनाए रखना और तनाव की स्थिति में उन्हें मानसिक सहयोग देना बेहद जरूरी होता है। परिवारजनों को भी बच्चों के व्यवहार में अचानक बदलाव या तनाव के संकेतों को गंभीरता से लेते हुए समय पर समझाइश और सहयोग देने की आवश्यकता बताई जाती है।