जशपुर, 12 मई 2026। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत बगीचा क्षेत्र के ग्राम पंचायत महुआ में मंगलवार को जनसमस्या निवारण शिविर का भव्य एवं जनसहभागिता पूर्ण आयोजन किया गया। शिविर में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुशासन तिहार शिविर में ग्राम पंचायत महुआ, सन्ना, लरंगा, कोपा, लोढ़ेना, कामारीमा, लोरो, भादूपाठ, खैरापाठ, डोभ एवं तमया सहित आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। शिविर में लोगों की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित कुल 1077 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 163 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई। शेष आवेदनों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, पेंशन, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने अधिकारियों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ समस्याओं का निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास एवं अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है। सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर गांव स्तर पर ही समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा फलदार पौधों का वितरण किया गया, जिसमें आम, लीची, नाशपाती एवं अमरूद के पौधे जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ग्रामीणों को प्रदान किए गए। अधिकारियों ने किसानों को बाड़ी विकास, पौधरोपण एवं फल उत्पादन के माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जित करने के संबंध में जानकारी दी। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
शिविर के दौरान आधार कार्ड निर्माण, जाति प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मौके पर ही आवश्यक दस्तावेज बनवाकर लाभ प्राप्त किया। इससे ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली तथा शासन की सेवाएं सीधे गांव स्तर पर उपलब्ध हो सकीं।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एवं प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भविष्य में भी मेहनत एवं लगन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष आनंद यादव ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाएं गांव-गांव तक पहुंच रही हैं और ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन मिलकर लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य कर रहे हैं, जिससे शासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
सुशासन तिहार शिविर में जनपद पंचायत बगीचा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद सिंह, मंडल महामंत्री नसरूल्लाह सिद्दीकी, श्रीमती काजल राय, बलवंत गुप्ता, गुलाब यादव, मनोज भगत, समीउल्लाह सिद्दीकी, सुमित्रा बाई, राजेश भगत, रामनारायण यादव, मंगल राम, जिला पंचायत सदस्य आशिका कुजूर, सुनीता, गोमती नागेश, सविता गुप्ता एवं अमृत बुनकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सुशासन तिहार के इस आयोजन में ग्रामीणों का उत्साह देखने लायक रहा। लोगों ने इसे शासन की जनहितकारी एवं संवेदनशील पहल बताते हुए गांव स्तर पर समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच बताया।