जशपुर: राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने किया शुभारंभ, 1.15 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी दवा

जशपुर, 28 जून 2026। जिले में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को जिला चिकित्सालय जशपुर से किया गया। कार्यक्रम में विधायक रायमुनी भगत ने नवजात बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे का स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि “एक भी बच्चा छूटा, सुरक्षा चक्र टूटा” के संदेश को आत्मसात करते हुए 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा, सिविल सर्जन डॉ. कपिल कश्यप, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गौरव सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने अभियान के सफल संचालन, प्रभावी सुपरविजन और सतत मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया।

28 से 30 जून तक चलेगा अभियान

राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान 28 से 30 जून तक संचालित किया जाएगा। पहले दिन जिले के सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जा रही है, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों तक पहुंचेंगी जो किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच सके।

जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों को पोलियो बूथ बनाया गया है। अभियान के संचालन के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों की विशेष टीम गठित की गई है। इस वर्ष जिले की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए पोलियो बूथों की संख्या में भी वृद्धि की गई है।

जिले में बनाए गए 1,205 पोलियो बूथ

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में कुल 1,205 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। अभियान के संचालन के लिए 4,464 दलकर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि 224 सुपरवाइजर निगरानी की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा 11 मेला एवं बाजार स्थलों को विशेष रूप से चिन्हित किया गया है। बस स्टैंड, ईंट-भट्ठों और अन्य उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों को कवर करने के लिए 8 ट्रांजिट टीम और 9 मोबाइल टीमों का गठन किया गया है।

1,15,726 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 1,15,726 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें पत्थलगांव, फरसाबहार, कांसाबेल, बगीचा, कुनकुरी, दुलदुला, मनोरा और जशपुर विकासखंड के बच्चे शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि भारत को 27 मार्च 2014 को पोलियो मुक्त देश का प्रमाण-पत्र प्राप्त हुआ था। इस उपलब्धि को बनाए रखने और पोलियो वायरस की पुनः एंट्री रोकने के उद्देश्य से हर वर्ष राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाकर इस महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाएं।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment