जशपुर: विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 31 जुलाई तक पूरे करें डीएमएफ के लंबित कार्य – कलेक्टर रोहित व्यास

जशपुरनगर, 06 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर तथा गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार भी उपस्थित रहे।

बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, मत्स्य पालन विभाग, श्रम विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) तथा जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के अंतर्गत संचालित योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने शेष आंगनबाड़ी भवनों एवं शौचालय निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लंबित ई-केवाईसी कार्यों को तेजी से पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित सभी बच्चों की आपार आईडी अनिवार्य रूप से बनाने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों का डिजिटल शैक्षणिक रिकॉर्ड सुरक्षित रह सके और भविष्य में विभिन्न योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सके।

समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों का आधार सीडिंग कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। मत्स्य पालन विभाग को शेष शासकीय तालाबों का नियमानुसार पट्टा वितरण सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (एनएफडीबी) के अंतर्गत मत्स्य पालक किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए।

श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी पात्र श्रमिकों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने, श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा विशेष पंजीयन शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जाए।

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं

कलेक्टर श्री व्यास ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पीएम जनमन आवास योजना तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही या गुणवत्ताहीन निर्माण पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा में उन्होंने स्व-सहायता समूहों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा विशेष पिछड़ी जनजातियों को समूहों से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित बैंक लिंकेज प्रकरणों के शीघ्र निराकरण एवं महिला समूहों द्वारा संचालित उद्यमों को ऋण वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की।

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान ओडीएफ प्लस मॉडल, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, नियमित कचरा संग्रहण, हाट-बाजारों की साफ-सफाई, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन तथा स्वच्छता श्रमदान की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

31 जुलाई तक पूरे करें डीएमएफ के लंबित कार्य

जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि डीएमएफ कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के अंतर्गत स्वीकृत सभी लंबित डीएमएफ कार्यों को 31 जुलाई 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। निर्धारित समय-सीमा तक कार्य पूर्ण नहीं होने पर संबंधित कार्यों को निरस्त करने के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार वसूली सहित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment