जशपुर: कलेक्टर रोहित व्यास की पहल पर 5 दिवसीय आवासीय रोबोटिक्स प्रशिक्षण शुरू, 40 विद्यार्थी सीखेंगे भविष्य की तकनीक

जशपुरनगर: जिले के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और भविष्य की उभरती प्रौद्योगिकियों से जोड़ने की दिशा में कलेक्टर श्री रोहित व्यास की पहल पर सोमवार से संकल्प शिक्षण संस्थान, जशपुर में 5 दिवसीय आवासीय रोबोटिक्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, तकनीकी कौशल और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना है, ताकि वे भविष्य की तकनीकी चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।

ज्वाइंट कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा तथा जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी विकासखंडों से चयनित 40 प्रतिभाशाली विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इनमें 20 छात्र और 20 छात्राएं शामिल हैं, जिन्हें पांच दिनों तक आवासीय व्यवस्था के साथ रोबोटिक्स एवं आधुनिक तकनीकों का सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कम उम्र में तकनीकी प्रशिक्षण से मिलेगा बड़ा लाभ

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कम उम्र में रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देगा। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरे मनोयोग और सकारात्मक सोच के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान करते हुए कहा कि जिज्ञासा ही सीखने की सबसे बड़ी ताकत है। प्रशिक्षण के दौरान यदि कोई विषय समझ में न आए तो प्रशिक्षकों से प्रश्न अवश्य पूछें और निरंतर अभ्यास के माध्यम से स्वयं को बेहतर बनाने का प्रयास करें।

उन्होंने विद्यार्थियों को ग्राफिक्स कार्ड, उसकी उपयोगिता, एनवीडिया जैसी वैश्विक तकनीकी कंपनियों तथा डिजिटल गेम्स के पीछे काम करने वाली आधुनिक तकनीकों के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही प्रशिक्षण पूरा होने के बाद विस्तृत फीडबैक देने का आग्रह करते हुए कहा कि जिला प्रशासन भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

आधुनिक तकनीक से जुड़ेगा जशपुर का युवा

कार्यक्रम में उपस्थित यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को पूरी एकाग्रता के साथ प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और नवाचार से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होगा और वे भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकेंगे।

रोबोटिक्स से लेकर ड्रोन तकनीक तक का मिलेगा प्रशिक्षण

प्रशिक्षण का संचालन रेस रोबोटिक्स फाउंडेशन के प्रशिक्षक सुभाष देवांगन, दुर्गेश कुमार और श्री राजपूत द्वारा किया जा रहा है। पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को रोबोटिक्स के विभिन्न आयामों की सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक जानकारी दी जाएगी।

प्रशिक्षण में बेसिक इलेक्ट्रॉनिक सर्किट, टिंकरकैड, रोबोटिक्स गेम, विभिन्न प्रकार के रोबोट (बॉट), आरसी कार, ह्यूमनॉइड रोबोट, रोप कार, सेंसर असेंबली, सर्किट डायग्राम, प्रोग्रामिंग एवं कोडिंग, सिमुलेशन गेम, ड्रोन तकनीक, ड्राइंग पजल गेम, तकनीकी क्विज तथा स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल किए गए हैं।

प्रमाण-पत्र भी किए जाएंगे प्रदान

प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। जिला प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें नवाचार, शोध और तकनीकी उद्यमिता के प्रति रुचि विकसित करेंगे।

कार्यक्रम के आयोजन में यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडेय एवं राजेन्द्र प्रेमी सहित अन्य अधिकारियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment