रायपुर: कारगिल के वीरों का बलिदान भावी पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणापुंज रहेगा – उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा

रायपुर: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का अदम्य साहस, त्याग और बलिदान देश की भावी पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणापुंज रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों का योगदान भारत कभी नहीं भूल सकता।

कारगिल विजय स्वाभिमान और वीरता का प्रतीक

उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने ऑपरेशन विजय के माध्यम से दुर्गम कारगिल की चोटियों से दुश्मनों को खदेड़कर देश की सीमाओं की रक्षा की थी। यह विजय केवल सैन्य सफलता नहीं थी, बल्कि भारत के स्वाभिमान, साहस और राष्ट्रीय एकता की ऐतिहासिक जीत थी। उन्होंने वीर शहीदों, वीर नारियों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के प्रति पूरे प्रदेश की ओर से सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।

कर्तव्यनिष्ठा ही सच्ची देशभक्ति

श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि देशभक्ति केवल राष्ट्रीय पर्वों पर नारे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने दैनिक जीवन में ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी निभाना भी सच्ची राष्ट्रभक्ति है। उन्होंने समय का पालन करने, जरूरतमंदों की सहायता करने, जल एवं पर्यावरण संरक्षण को अपनाने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

डिजिटल युग में सतर्कता भी राष्ट्रसेवा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के फर्जी संदेश साझा करना समाज में भ्रम और असामाजिक वातावरण पैदा कर सकता है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि डिजिटल सुरक्षा भी आज राष्ट्र सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है।

उन्होंने हाल के नीट परीक्षा विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों का वातावरण खराब करने वाले असामाजिक एवं बाहरी तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जानी चाहिए। राज्य के सभी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में शांति, सुरक्षा और सुचारू शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के लिए सतर्क रहने की आवश्यकता है।

विकसित भारत 2047 के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका

उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के ‘समृद्ध छत्तीसगढ़’ के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने उच्च शिक्षा संस्थानों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखें, बल्कि उनमें राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, अनुसंधान और नवाचार की भावना भी विकसित करें।

उन्होंने सुझाव दिया कि महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में वीर सैनिकों के सम्मान में नियमित संगोष्ठियों, प्रदर्शनी और प्रेरक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए, ताकि युवा सेना के शौर्य और बलिदान से प्रेरणा ले सकें।

शिक्षा, कौशल और नवाचार से बनेगा समृद्ध छत्तीसगढ़

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि बस्तर से लेकर सरगुजा और रायपुर तक छत्तीसगढ़ के युवाओं में अपार प्रतिभा और ऊर्जा है। यदि इस ऊर्जा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान और आधुनिक नवाचार से जोड़ा जाए तो विकसित भारत के साथ-साथ समृद्ध छत्तीसगढ़ का सपना भी साकार होगा।

कार्यक्रम में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के पूर्व कुलपति प्रो. एन.पी. दीक्षित, वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. टी.एल. वर्मा, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल, कुलसचिव डॉ. शैलेन्द्र पटेल, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, शोधार्थी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment