बगीचा, 11 जून 2026। नए शिक्षा सत्र को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और उत्साहपूर्ण बनाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन में स्वच्छता पखवाड़ा एवं शाला प्रवेश उत्सव की तैयारियों को लेकर सेजेस स्कूल बगीचा के सभागार में शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकासखंड के सभी प्राचार्य, सीएसी तथा शैक्षणिक अमले के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
बैठक की शुरुआत सम्मान समारोह के साथ हुई, जहां हायर सेकेंडरी विद्यालय महादेवडांड की सेवानिवृत्त प्राचार्या आशा मलीना खलखो को शिक्षा क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन और उत्कृष्ट योगदान के लिए शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों और शिक्षकों ने उनके समर्पित सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
बैठक को संबोधित करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन पटेल ने कहा कि कलेक्टर रोहित व्यास की मंशा के अनुरूप सभी विद्यालयों में स्वच्छता पखवाड़ा प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि नए शिक्षा सत्र के आरंभ से पूर्व विद्यालय परिसरों, कक्षाओं, शौचालयों, खेल मैदानों तथा पेयजल स्रोतों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और आकर्षक विद्यालय वातावरण बच्चों में सकारात्मक सीखने की भावना विकसित करता है तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करता है।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए बीईओ सुदर्शन पटेल ने पहली बारिश के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आसमानी बिजली, सांप-बिच्छू तथा अन्य जहरीले जीव-जंतुओं से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही विद्यालय परिसरों में खुले या उलझे हुए विद्युत तारों की जांच कर तत्काल सुधार किए जाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में आगामी शाला प्रवेश उत्सव को जनभागीदारी के साथ भव्य एवं यादगार बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया जाए। प्रवेश उत्सव के अवसर पर विद्यालय परिसरों को आकर्षक ढंग से सजाने, विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण करने तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं प्रबुद्ध नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एबीओ दिलीप टोप्पो, बीआरसीसी कृष्ण कुमार राठौर, एकाउंटेंट शैलेश कुमार अम्बस्ट, एमआईएस ममता शर्मा, तिलक श्रीवास सहित शिक्षा विभाग के सभी शाखा प्रभारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे। यह बैठक नए शिक्षा सत्र को बेहतर, सुरक्षित और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।