मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर कपरी नाला में प्रेमबंद स्टॉप निर्माण कार्य में तेजी, 150 हेक्टेयर कृषि भूमि को मिलेगा सिंचाई का लाभ

जशपुरनगर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और किसानों को बेहतर जल संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कुनकुरी तहसील क्षेत्र के नारायणपुर स्थित कपरी नाला में 2 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से प्रेमबंद (नगर बंद) स्टॉप निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। निर्माण कार्य लगभग पूर्णता की ओर है। इसके पूरा होने से क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा तथा कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

150 हेक्टेयर कृषि भूमि को मिलेगा सिंचाई का लाभ

कपरी नाला में स्टॉप निर्माण का प्रमुख उद्देश्य क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा देना और कृषि भूमि तक सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराना है। इस निर्माण से लगभग 150 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगी। विभागीय जानकारी के अनुसार, इससे क्षेत्र में सिंचाई का प्रतिशत 37.91 प्रतिशत तक पहुंचने में मदद मिलेगी। किसानों को आगामी सत्र 2027-28 से इसका लाभ मिलना शुरू होने की संभावना है।

सिंचाई के साथ भू-जल संवर्धन,निस्तारी की मिलेगी सुविधाएं

कपरी नाला में स्टॉप निर्माण से वर्षा जल का बेहतर संचयन हो सकेगा। इससे भू-जल स्तर के संवर्धन, निस्तारी की सुविधा और पेयजल की उपलब्धता को बढ़ावा मिलेगा। जल संरक्षण से क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय लोगों को भी लाभ होगा।इसके अतिरिक्त, स्टॉप निर्माण से आसपास के क्षेत्र में स्थित शिव मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधा होगी।

किसानों ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

स्टॉप निर्माण कार्य से क्षेत्र के किसानों में उम्मीद जगी है। सिंचाई सुविधा का विस्तार होने से खेती-किसानी को मजबूती मिलेगी और किसानों को कृषि कार्यों के लिए जल उपलब्धता में सहूलियत होगी। क्षेत्र के किसानों ने इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिले में सिंचाई और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को गति मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि विकास और जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हो रही है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment