श्रम यशस्वी पुरस्कार के लिए 5 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन, उत्कृष्ट श्रमिकों और संस्थाओं को मिलेगा 2 लाख का पुरस्कार

स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 की अवधि में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिक एवं संस्थाएं कर सकेंगे आवेदन

जशपुरनगर। श्रम के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले श्रमिकों और संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इस पुरस्कार के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 अर्थात 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 की अवधि में श्रम के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिकों एवं संस्थाओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक पात्र श्रमिक एवं संस्थाएं 5 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

चयनित श्रमिक या संस्था को मिलेगा 2 लाख रुपए का पुरस्कार

स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार के तहत चयनित श्रमिक अथवा संस्था को 2 लाख रुपए की पुरस्कार राशि के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के लिए ऐसे श्रमिकों एवं संस्थाओं का चयन किया जाएगा, जिन्होंने श्रमिकों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रभावी और उल्लेखनीय कार्य किए हों तथा कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में विशेष प्रयास किए हों।

सुरक्षा नियमों के प्रचार-प्रसार को भी मिलेगा महत्व

पुरस्कार के लिए पात्रता निर्धारित करते समय संबंधित श्रमिक अथवा संस्था के कार्यकाल में सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रमिक स्वास्थ्य से जुड़े प्रयासों को प्रमुखता दी जाएगी। साथ ही आलोच्य अवधि के दौरान कोई गंभीर दुर्घटना नहीं हुई हो तथा श्रमिकों की सुरक्षा से संबंधित नियमों के व्यापक प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान दिया गया हो।

ऐसे कार्य, जिनसे श्रम क्षेत्र में प्रदेश का नाम गौरवान्वित हुआ हो, उन्हें भी पुरस्कार के लिए चयन में महत्वपूर्ण माना जाएगा।

5 अक्टूबर तक करना होगा ऑनलाइन आवेदन

इच्छुक श्रमिक एवं संस्थाएं श्रम विभाग की वेबसाइट shramevjayate.cg.gov.in/alankran.aspx पर जाकर 5 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। श्रम यशस्वी पुरस्कार से संबंधित नियम, प्रक्रिया, पात्रता एवं आवेदन प्रपत्र सहित आवश्यक जानकारी भी इसी लिंक पर उपलब्ध है, जिसे आवेदक डाउनलोड कर सकते हैं।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment