राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में पाटन के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, स्वर्ण सहित कई पदक जीते

भिलाई में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के 150 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, पाटन के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन

भिलाई/पाटन: छत्तीसगढ़ प्रेम निरंजन योगासन खेल संघ एवं योग लंगर समिति, भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती की स्मृति में सातवीं सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर बालक-बालिका राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का आयोजन भिलाई के सेक्टर-6 स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे 150 खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्गों में अपनी योग प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।

पाटन के खिलाड़ियों ने जीते पदक

प्रतियोगिता में पाटन के चार खिलाड़ियों ने भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने विभिन्न श्रेणियों में पदक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में सब-जूनियर बालिका आर्टिस्टिक सिंगल योग वर्ग में अनन्या वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, 5 से 9 वर्ष आयु वर्ग की बालक ट्रेडिशनल योगासन प्रतियोगिता में केशव सिंह सपहा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता।

इसी तरह 15 से 20 वर्ष आयु वर्ग की बालिका आर्टिस्टिक सिंगल प्रतियोगिता में अंतरा साहू ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया। वहीं, 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग की ट्रेडिशनल योगासन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता गया। इसके अलावा सीनियर बालिका 19 से 27 वर्ष आयु वर्ग में भूमिका साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चार खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

अतिथियों की उपस्थिति में हुआ आयोजन

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एमएस ऑर्थो एवं अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. मानवेंद्र जंघेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रिसाली नगर निगम के सभापति श्री केशव बंछोर ने की। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय योग खिलाड़ी धीरेन्द्र कुमार वर्मा मुख्य प्रशिक्षक के रूप में मौजूद रहे।

खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जताई खुशी

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर डॉ. दिनेश चंद्रवंशी (जिला आयुष अधिकारी), डॉ. अनिता साहू, योग गुरु श्री तुलाराम वर्मा, लालराम वर्मा, खिलेन्द्र साहू, भारत लाल ताम्रकार और संतोष यादव सहित अन्य लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने योगासन खेल के प्रति बढ़ती रुचि और प्रतिभा को सामने रखा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों से आगामी प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई गई।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment