रायपुर: राजधानी रायपुर में रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात पुलिस बल पर हुए पथराव और बोतलबाजी में 16 पुलिस जवान घायल हो गए। घायलों में एक महिला आरक्षक भी शामिल हैं, जबकि दो पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर श्री संजीव शुक्ला अस्पताल पहुंचे और भर्ती पुलिस जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से सभी घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जवानों का हौसला बढ़ाते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
घायल जवान कलेश्वर वर्मा ने बताया कि बैरिकेडिंग के दौरान भीड़ के बीच फंस जाने से उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल लाया गया। वहीं प्रशिक्षु उप निरीक्षक (पीएसआई) देवराज सिंह के सिर पर बोतल लगने से गंभीर चोट आई है और उनका उपचार चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।
पुलिस के अनुसार अन्य घायल आरक्षकों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस दौरान पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, एसीपी नीलेश द्विवेदी, टीआई राजेश मरई सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी अस्पताल में मौजूद रहे