रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि महतारी वंदन योजना से प्रदेश की माताओं और बहनों के जीवन में आत्मविश्वास और आर्थिक स्वावलंबन आया है। राजधानी रायपुर में आयोजित ‘इमर्जिंग छत्तीसगढ़–सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश’ कार्यक्रम में उन्होंने महिला सशक्तिकरण, रोजगार, उद्योग, पर्यटन, सुशासन और बस्तर के विकास को लेकर राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को साझा किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की करीब 68.50 लाख विवाहित महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने 1,000 रुपये सीधे बैंक खातों में दिए जा रहे हैं। अब तक 29 किश्तों में लगभग 18,800 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में हस्तांतरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं इस राशि से स्वरोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं।
मुख्यमंत्री ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के दानसरा गांव का उल्लेख करते हुए बताया कि वहां महिलाओं ने महतारी वंदन योजना से मिली राशि एकत्र कर भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण की शुरुआत की है, जो इस योजना का प्रेरक उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2.86 लाख महिला स्व-सहायता समूहों से लगभग 30 लाख महिलाएं जुड़ी हैं। इन्हें रेडी-टू-ईट योजना, ऋण और अन्य आर्थिक सहायता के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से निकलकर विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। ‘नियद नेल्ला नार’ योजना के तहत 500 से अधिक गांवों तक सरकार की योजनाएं पहुंचाई गई हैं। वहीं मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 36 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है।
उन्होंने बताया कि इंद्रावती नदी पर प्रस्तावित देउरगांव और मटनार सिंचाई परियोजनाओं से लगभग 80 हजार एकड़ भूमि सिंचित होगी। नई औद्योगिक नीति में होम-स्टे को बढ़ावा देकर पर्यटन और रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने धर्मांतरण रोकने के लिए लागू धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम-2026, समान नागरिक संहिता पर गठित समिति, पीएससी घोटाले की सीबीआई जांच, 5 हजार शिक्षकों की प्रस्तावित भर्ती तथा 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में बलौदाबाजार की मीना देवांगन ने बताया कि उन्होंने महतारी वंदन योजना की राशि से चूड़ी व्यवसाय शुरू किया है, जबकि सरोज ने कहा कि वे इस राशि से अपने बच्चे की स्कूल फीस जमा कर रही हैं। दोनों महिलाओं ने योजना को परिवार की आर्थिक मजबूती का आधार बताया।