जशपुर में गणेश चतुर्थी के दौरान अवैध चंदा वसूली पर पुलिस सख्त, एसएसपी ने सभी थाना-चौकी प्रभारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश ,सड़कों पर वाहन रोककर चंदा वसूली करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई,

जशपुर। आगामी गणेश चतुर्थी के दौरान सार्वजनिक स्थानों और मुख्य सड़कों पर वाहन रोककर की जाने वाली अवैध चंदा वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जशपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर द्वारा जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश जारी कर अवैध चंदा वसूली पर रोक लगाने तथा ऐसे मामलों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार 14 सितंबर 2026 को गणेश चतुर्थी के अवसर पर जिले में विभिन्न स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इस दौरान गणेश उत्सव समितियों के सदस्यों द्वारा मुख्य सड़कों पर जगह-जगह वाहनों को रोककर अवैध रूप से चंदा वसूली किए जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।

सड़कों पर बढ़ेगी पेट्रोलिंग और विशेष निगरानी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी निर्देश में सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत सड़कों पर नियमित पेट्रोलिंग करने और विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने कहा गया है कि किसी भी स्थान पर अवैध चंदा वसूली न हो।

साथ ही स्पष्ट किया गया है कि चंदा वसूली के नाम पर वाहनों का आवागमन एवं यातायात व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए। सड़क पर वाहन रोककर जबरन अथवा अवैध रूप से चंदा वसूली करने वाले लोगों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारियों को सौंपा गया जिम्मा

जशपुर पुलिस ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में इस संबंध में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों को सड़क पर होने वाली किसी भी प्रकार की अवैध चंदा वसूली की गतिविधि पर तत्काल रोक लगाने तथा कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया है।

गणेश उत्सव के दौरान कानून व्यवस्था और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा जिलेभर में निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। जशपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि धार्मिक आयोजन की आड़ में सड़कों पर वाहन रोककर अवैध चंदा वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment