रायगढ़: फर्जी नंबर प्लेट लगाकर गौवंश तस्करी का खेल, पुलिस ने दबोचे दो तस्कर

रायगढ़, 10 मई 2026। रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” के तहत गौवंश तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। थाना भूपदेवपुर पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के आधार पर यह कार्रवाई की गई। मामले में तस्करों द्वारा वाहन में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, 28-29 अप्रैल की मध्यरात्रि थाना भूपदेवपुर पुलिस रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान ग्राम कछार क्षेत्र में एक लाल रंग की स्कॉर्पियो वाहन में गौवंशों को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्रामीणों की सहायता से घेराबंदी की। पुलिस और डायल 112 की टीम को देखकर तस्कर वाहन लेकर भागने लगे, लेकिन खेत की मेड़ में वाहन फंस जाने पर वे अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

मौके पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें दो गौवंश अमानवीय स्थिति में पाए गए। दोनों के पैर बंधे हुए थे और उन्हें बिना चारा-पानी के वाहन में रखा गया था। पुलिस ने तत्काल उन्हें मुक्त कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। इस मामले में पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए वाहन में मोटरसाइकिल का फर्जी नंबर प्लेट लगाया था। पुलिस ने इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर वाहन की वास्तविक पहचान की और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए ग्राम कछार निवासी परशुराम राणा एवं यादराम राठिया तक पहुंची। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी हेमसागर सारथी के साथ मिलकर ओडिशा के एक व्यक्ति के संपर्क में रहकर गौवंशों को बूचड़खाने तक पहुंचाने की साजिश स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपियों से नगदी राशि जब्त कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय नाग, पुलिस स्टाफ और डायल 112 टीम की सक्रिय भूमिका से संपन्न हुई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि गौवंश तस्करी और पशु क्रूरता जैसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment