रायपुर: CGPSC ने SI भर्ती परीक्षा को लेकर फैली अफवाहों का किया खंडन, अभ्यर्थियों से आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करने की अपील

रायपुर: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत आयोजित सूबेदार, उप-निरीक्षक (SI) संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 के प्रारंभिक लिखित परीक्षा परिणाम को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक जानकारियों का खंडन किया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों के नामों को लेकर प्रसारित किए जा रहे दावे पूरी तरह तथ्यहीन हैं।

आयोग के अनुसार 4 अगस्त 2026 को परिणाम जारी होने के बाद सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर उनका उपहास उड़ाया जा रहा है तथा परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इस पर CGPSC ने स्पष्ट किया कि परीक्षा परिणाम में वही नाम प्रदर्शित किए गए हैं, जो अभ्यर्थियों ने स्वयं ऑनलाइन आवेदन पत्र में दर्ज कर अंतिम रूप से सबमिट किए थे।

आयोग ने बताया कि इन्हीं नामों के आधार पर दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PST) तथा प्रारंभिक लिखित परीक्षा की पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई है। अभ्यर्थियों के प्रवेश-पत्र (Admit Card) में भी यही नाम अंकित थे और दस्तावेजों का सत्यापन भी इन्हीं के आधार पर किया गया।

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के अवर सचिव ने सभी अभ्यर्थियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी असत्य, भ्रामक या तथ्यहीन जानकारी पर विश्वास न करें। परीक्षा से संबंधित किसी भी अधिकृत सूचना के लिए केवल छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment