रायपुर, 11 जुलाई 2026। प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस समारोह इस वर्ष भी पूरे गरिमा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित कर समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में बताया गया कि राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन 15 अगस्त को प्रातः 9 बजे से किया जाएगा। समारोह में आकर्षक परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे।
परेड में शामिल होने वाली टुकड़ियों के चयन एवं रिहर्सल की जिम्मेदारी पुलिस उप महानिरीक्षक, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल को पुलिस महानिदेशक के मार्गदर्शन में सौंपी गई है। वहीं यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस महानिरीक्षक रायपुर निभाएंगे।
कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, मंच, पंडाल और बैठक व्यवस्था का दायित्व नगर पालिक निगम रायपुर को दिया गया है। स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन स्कूल शिक्षा विभाग एवं संस्कृति विभाग करेंगे, जबकि रिहर्सल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कलेक्टर रायपुर द्वारा सुनिश्चित की जाएंगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 7 अगस्त से 15 अगस्त तक सभी शासकीय कार्यक्रमों में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। इसके लिए संस्कृति विभाग आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगा।
जिला एवं तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोहों के संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग शीघ्र ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, कृषि विभाग के सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार, कलेक्टर रायपुर श्री गौरव कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।