रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि सीएम हेल्पलाइन-1076 प्रदेश में नागरिक-केंद्रित सुशासन की मजबूत पहचान बनकर उभरी है। हेल्पलाइन के संचालन के पहले ही महीने में 42,653 शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया है, जिनमें 13,600 शिकायतकर्ताओं ने समाधान से संतुष्ट होकर स्वयं अपने प्रकरण बंद कराए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्या का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 का अधिक से अधिक उपयोग करें और इसकी जानकारी अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं।
उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन 24 घंटे, सप्ताह के सातों दिन संचालित होती है। शिकायतों के निराकरण के लिए तहसीलदार से लेकर सचिव स्तर तक करीब 8 हजार अधिकारी जुड़े हुए हैं, जिससे निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरकार ऐसा प्रशासन विकसित कर रही है, जहां नागरिकों को अपनी समस्या लेकर कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अब केवल एक फोन कॉल से शिकायत दर्ज होती है, उसकी लगातार मॉनिटरिंग की जाती है और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाता है।
विभागवार आंकड़ों के अनुसार ऊर्जा विभाग ने 3,066, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने 2,530 तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने 1,314 शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक आधारित यह व्यवस्था सुशासन को व्यवहार में उतारने का प्रभावी माध्यम बन रही है। आने वाले समय में हेल्पलाइन का दायरा और अधिक बढ़ाया जाएगा, ताकि प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक भी गुणवत्तापूर्ण प्रशासनिक सेवाएं पहुंच सकें।