रायपुर: VSK ऐप की तकनीकी खामियां 15 अगस्त तक होंगी दूर, किसी शिक्षक का वेतन नहीं कटेगा – शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव

रायपुर: स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने VSK ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर प्रदेश के शिक्षकों को बड़ी राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि ऐप की तकनीकी खामियों के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है और सभी तकनीकी त्रुटियों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि शिक्षक संगठनों और शिक्षकों द्वारा VSK ऐप में आ रही तकनीकी त्रुटियों एवं ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में होने वाली दिक्कतों की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों के बाद संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि 15 अगस्त तक ऐप की सभी प्रमुख तकनीकी खामियों को दूर कर इसे पूरी तरह सुचारु बनाया जाए, ताकि शिक्षकों को बिना किसी परेशानी के ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि यदि किसी शिक्षक को तकनीकी कारणों से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में कठिनाई आती है, तो उसके हित पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे। ऐसी स्थिति में किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं रोका जाएगा और न ही किसी प्रकार की प्रतिकूल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि तकनीकी त्रुटियों का खामियाजा शिक्षकों को नहीं भुगतना पड़ेगा।

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रदेश के शिक्षकों के सहयोग की सराहना करते हुए बताया कि राज्य में लगभग 1 लाख 75 हजार शिक्षकों में से करीब डेढ़ लाख शिक्षक, यानी लगभग 85 प्रतिशत शिक्षक, प्रतिदिन VSK ऐप के माध्यम से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि प्रदेश के शिक्षक नई तकनीक को अपनाते हुए शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और आधुनिक बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षित करने का कार्य ही नहीं कर रहे हैं, बल्कि डिजिटल शिक्षा प्रणाली को सफल बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। सरकार उनके अनुशासन, समर्पण और सहयोग का सम्मान करती है। शिक्षकों से प्राप्त सुझावों और अनुभवों के आधार पर VSK ऐप को और अधिक सरल, उपयोगी तथा प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी परेशानी का सामना न करना पड़े।

शिक्षा मंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुविधा और हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि किसी शिक्षक को ऐप के उपयोग में कोई तकनीकी समस्या आती है, तो उसकी शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे पूर्व की तरह VSK ऐप का उपयोग जारी रखें तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या या सुझाव संबंधित अधिकारियों तक अवश्य पहुंचाएं।

उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार, तकनीकी विशेषज्ञों और शिक्षकों के सहयोग से VSK ऐप को और अधिक सक्षम बनाया जाएगा, जिससे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में डिजिटल पारदर्शिता और जवाबदेही को नई मजबूती मिलेगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment