सारंगढ़-बिलाईगढ़: रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान पर खिलेश साहू को राज्यपाल ने किया सम्मानित

रायपुर/सारंगढ़, 16 जून 2026। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में सारंगढ़ के समाजसेवी एवं होप वेलफेयर फाउंडेशन के संस्थापक खिलेश साहू को रक्तदान के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

राजधानी रायपुर स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर प्रदेशभर से चयनित रक्तदाताओं, समाजसेवियों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

होप वेलफेयर फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से सारंगढ़-बिलाईगढ़ क्षेत्र में रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। संस्था के प्रयासों से सैकड़ों मरीजों को जीवनदान मिला है और क्षेत्र में रक्तदान के प्रति सकारात्मक माहौल विकसित हुआ है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद खिलेश साहू ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी निस्वार्थ रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों, सहयोगियों और समाजसेवियों का है, जो मानव सेवा के इस अभियान से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा माध्यम है, जिसके जरिए किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दिया जा सकता है। होप वेलफेयर फाउंडेशन आगे भी रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और मानवता की सेवा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

उन्होंने आमजन से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील करते हुए कहा कि “रक्तदान महादान है। आपका एक छोटा-सा प्रयास किसी की जिंदगी बचा सकता है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।”

उल्लेखनीय है कि होप वेलफेयर फाउंडेशन सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न जनहितकारी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। विशेष रूप से रक्तदान के क्षेत्र में संस्था के योगदान को समाज में व्यापक सराहना मिल रही है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment