रायपुर: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन का होगा लोकार्पण, मुख्यमंत्री ने बताया विकास का नया आधार

रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण से यात्री सुविधाओं के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि रेलवे केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आर्थिक विकास और जनसुविधाओं की मजबूत आधारशिला है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में रायपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री दयानन्द ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव की ओर से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित सरोना एवं बालोद रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन समारोह का आमंत्रण पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा।

बैठक में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों पर विकसित आधुनिक यात्री सुविधाओं, अधोसंरचना उन्नयन तथा स्टेशनों के नए स्वरूप को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है। इससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और प्रदेश के समग्र विकास को नई गति प्राप्त होगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे आज अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं, बेहतर यात्री सेवाओं और विश्वस्तरीय अधोसंरचना से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरोना एवं बालोद रेलवे स्टेशनों के उन्नयन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आधुनिक रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। मजबूत रेल संपर्क से प्रदेश में निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा आम नागरिकों का आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित एवं नवीनीकृत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इस योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-अनुकूल बनाकर देश की परिवहन व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment