जशपुरनगर, 20 अप्रैल 2026। जिले के नारायणपुर क्षेत्र में चार्टर प्लेन क्रैश की सोशल मीडिया पर फैल रही खबरों के बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब तक ऐसी किसी भी घटना के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं, हालांकि एहतियातन सर्च अभियान लगातार जारी है।
सोमवार दोपहर क्षेत्र में धुआं उठने की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। कलेक्टर श्री रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह ने स्थल का निरीक्षण किया और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की। ग्रामीणों ने किसी भी प्रकार के विस्फोट या तेज आवाज सुनने से इनकार किया है।
पुलिस, जिला प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है। सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है, लेकिन अब तक किसी भी प्रकार के प्लेन क्रैश के प्रमाण नहीं मिले हैं।
जिला प्रशासन ने इसे अपना आधिकारिक पक्ष बताते हुए लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।




















