जशपुर: ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण लेकर आधुनिक खेती की ओर बढ़ रहीं जिले की महिलाएं

जशपुर, 26 जून 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर जशपुर जिले की महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य आधुनिक कृषि तकनीक से जुड़कर आत्मनिर्भरता की नई उड़ान भर रही हैं। जिले की चयनित ‘ड्रोन दीदियाँ’ इन दिनों रायपुर स्थित आईटीएम विश्वविद्यालय में ड्रोन संचालन एवं रिमोट पायलट प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

यह प्रशिक्षण महिलाओं को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और उन्हें ड्रोन आधारित कृषि सेवाओं के माध्यम से स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें कृषि क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है।

प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को ड्रोन की तकनीकी संरचना, सुरक्षित उड़ान संचालन, रिमोट पायलटिंग, फसलों में उर्वरक एवं कीटनाशकों के वैज्ञानिक छिड़काव, ड्रोन के रखरखाव तथा कृषि कार्यों में इसके व्यावहारिक उपयोग की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये महिलाएं जिले के किसानों को ड्रोन आधारित कृषि सेवाएँ उपलब्ध कराते हुए कम लागत में अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध खेती में सहयोग करेंगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने हाल ही में जशपुर प्रवास के दौरान प्रशिक्षण के लिए रवाना हो रही ड्रोन दीदियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। वहीं 17 अप्रैल 2026 को रणजीता स्टेडियम में आयोजित लखपति दीदी पहल के अंतर्गत महिला समूहों को ड्रोन एवं उन्नत सॉयल टेस्टिंग मशीन भी प्रदान की गई थी।

उप संचालक कृषि, जशपुर के अनुसार प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद ड्रोन दीदियाँ जिले के विभिन्न विकासखंडों में किसानों को नैनो उर्वरक, कीटनाशक छिड़काव सहित अन्य ड्रोन आधारित कृषि सेवाएँ उपलब्ध कराएँगी। इससे कृषि कार्यों में समय की बचत, लागत में कमी और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा मिलेगा।

जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग का विश्वास है कि यह पहल जशपुर में तकनीक आधारित कृषि को नई गति देने के साथ-साथ महिला स्व-सहायता समूहों की आर्थिक सशक्तता और किसानों की आय वृद्धि में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment